गालूडीह: जिले के विभिन्न इलाकों में टुसू मेला की धूम है. टुसू मेला का आयोजन टुसूमनी की स्मृति में कुंवारी कन्याओं द्वारा मनाया जाता है. मंगलवार को गालूडीह थाना क्षेत्र के सीदाडांगा गांव में टुसू मेला में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे. सीदाडांगा गांव में टुसू मेला का आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाता है. इस टुसू मेला में हर साल आसपास के दर्जनों गांव के महिला पुरुष, युवा और बच्चे हजारों की संख्या में पहुंचते है. पहाड़ों और वनों से आच्छादित गांव के किनारे आयोजित मेले में मिठाईयों, खिलौने, ईख, जरुरतों के सामान सहित अन्य तरह तरह की दुकानें सजी थीं.(नीचे भी पढे)

टुसू मेला में गांव-गांव से लोग टुसू की प्रतिमा को लेकर मेला में भाग लेने के लिए पहुंचे. मेला में दूरदराज के गांव से 33 टुसू की प्रतिमाएं लेकर ग्रामीण पहुंचे. वहीं सबसे अच्छी बनी टुसू को पुरस्कृत भी किया गया. इस अवसर पर विभिन्न तरह के मनोरंजन के साथ खेल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था. लोग एक दूसरे के साथ मिलकर नृत्य और संगीत का मजा लेते नजर आए. पारंपारिक आदिवासी नृत्य ने लोगों का मन मोह लिया.












