जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला आबकारी विभाग ने जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र में कई स्थानों पर छापामारी कर वहां चल रही 4 अवैध महुआ शराब चुलाई भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए वहां से बड़ी मात्रा में तैयार अवैध महुआ शराब एवं हजारों किलो जावा महुआ बरामद किया है. (नीचे भी पढ़ें)

होली का त्योहार नजदीक होने के कारण अवैध शराब के कारोबारी भी सक्रिय हो गये हैं. इसको लेकर पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध महुआ शराब की चुलाई तेजी से की जा रही है. वैसे जिला आबकारी विभाग भी ऐसे अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर दबाव बनाने में जुटा हुआ है.(नीचे भी पढ़ें)

होली के मद्देनजर जमशेदपुर के सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर जिला आबकारी विभाग के पदाधिकारियों ने गुरुवार को एमजीएम थाना क्षेत्र के भागाबांधी, बड़ाबांकी, कुरिया, धातकीडीह एवं सुखलड़ा गांवों के जंगलों में छापामारी की. आबकारी अधिकारियों ने उक्त स्थानों पर चल रही चार अवैध महुआ शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया, जबकि वहां से बड़ी मात्रा में तैयार अवैध महुआ शराब व जावा महुआ भी बरामद किया.(नीचे भी पढ़ें)

आबकारी अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार छापामारी के दौरान अधिकारियों ने 190 लीटर महुआ शराब के साथ ही 9 लीटर विदेशी शराब भी जब्त किया. इसके अलावा वहां से 12 हजार किलो जावा महुआ भी बरामद किया गया, जिसे अधिकारियों ने वहीं नष्ट कर दिया. हालांकि इस दौरान वहां से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है.(नीचे भी पढ़ें)
आबकारी अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में 4 अवैध शराब चुलाई करने वालों के साथ ही एक अवैध शराब विक्रेता के खिलाफ फरारी के आरोप में मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.



