
धालभूमगढ़ : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका धालभूमगढ़ थाना अंतर्गत कोकपाड़ा बस स्टैंड के सामने बुधवार की देर रात करीब सवा ग्यारह बजे आशीष जेना की मिठाई की दुकान में आग लग गई. इसके अलावा आसपास की तीन और दुकानों में भी आग लग गयी थी. आग लगने से दुकान का फूस का छप्पर, अलमीरा, कुर्सी टेबल, बनी हुई मिठाई, बर्तन आदि जलकर राख हो गया. दुकान के पीछे ही आशीष का टाली का घर है जहां उसका परिवार सोया था. आग की लपटों को उठते ही परिवार जान बचाकर बाहर भाग गया पर दुकान का सामान नहीं बचा पाया. आग की खबर फैलते ही मुखिया बुधेश्वर नायक, पंचायत समिति सदस्य संजीत भालुक मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी. इस बीच ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए. दमकल आने के पहले ही आग पर काबू पा लिया गया था. आग से उनका आवास जरूर बच गया, लेकिन एकाध आसपास की छोटी दुकानें भी जल गयी. अकेले होटल के मालिक आशीष जेना का करीब 70 हजार रुपये का नुकसान इस आग में हुआ है जबकि आसपास की छोटी दुकानें में भी जल गयी है.







