
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार एस अभिनव ने प्रखंड अंतर्गत कस्तूरबा बालिका विद्यालय, गालूडीह में बनाये गए क्वारन्टीन सेंटर का निरीक्षण किया. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और वहां रह रहे लोगों से उनका कुशलक्षेम जाना. उन्होंने सभी लोगों से इस बात का खास ध्यान रखने को कहा कि वे हमेशा मास्क का प्रयोग करें, हाथों को नियमित सैनिटाइज करते रहें. यत्र-तत्र थूके नहीं, साथ ही भोजन से पहले और भोजन के पश्चात हाथों को अच्छी तरह साफ करें. वहीं किसी भी प्रकार की शारीरिक तकलीफ जैसे ज्वर, खांसी, गले में दर्द या अन्य तकलीफ होने पर तत्काल क्वॉरंटाइन सेंटर में प्रतिनियुक्त कर्मियों को सूचित करने को कहा ताकि त्वरित इलाज मिल सके. इसके अलावा सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी लोगों का पूरा ध्यान रखे उनके खान-पान से लेकर, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई और शौचालय की भी स्वच्छ रखने की सलाह दी है.
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने पीडीएस दुकानों का किया निरीक्षण

धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलखो ने प्रखंड अंतर्गत पीडीएस दुकान संचालक टेकचंद मित्तल का दुकान और दुर्गा पीडीएस दुकान का निरीक्षण किया. इस दौरान पदाधिकारी ने उपलब्ध स्टॉक और राशन वितरण से संबंधित माह जुलाई और अगस्त के वितरण की जानकारी प्राप्त किया. साथ ही राशन उठाव के दौरान दुकान परिसर में अनिवार्य रूप से सोशल डिस्टेंसिंग के अनुपालन की बात कही. पीडीएस संचालकों को निर्देश दिया कि लाभुक मास्क का प्रयोग दुकान परिसर में करें यह सुनिश्चित करें.साथ ही सम्पर्क में आने पर हाथों को सैनिटाइज कराने या साफ पानी या साबुन से हाथों को धोने का निर्देश दिया.







