
बहरागोड़ा : घाटशिला के अनुमंडलाधिकारी सत्यवीर रजक ने बहरागोड़ा प्रखंड का दौरा कर योजना का अवलोकन किया. अनुमंडल पदाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय में प्रखंड कर्मियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री आवास और मनरेगा से संचालित योजनाओं का समीक्षा की. बैठक में मनरेगा के तहत एक सप्ताह में 80 प्रतिशत से अधिक प्रत्येक पंचायतों में मानव दिवस का सृजन कराने का निर्देश दिया है. प्रत्येक गांव में कम से कम 05 योजना प्रतिदिन संचालित करने हेतु निर्देश दिया है और संचालित एवं पूर्ण योजनाओं का जियो टैग पूर्ण करने को कहा है. प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बचे हुए 22 एसइसीसी डाटा को दो दिनों के अंदर पूर्ण करने हेतु निर्देश दिया गया. प्रधानमंत्री आवास 2016-19 के लंबित आवासों में जिन पंचायतों का लंबित आवास 10 के अंदर है उन्हें एक सप्ताह के अंदर 1 आवास पूर्ण कराना, 10 से 15 लंबित है 02 आवास पूर्ण कराने, 15 से 25 लंबित है 03 तथा 25 से 40 लंबित है तो 05 आवास पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है. प्रधानमंत्री आवास योजना में वित्तीय वर्ष 2016-19 अन्तर्गत दिनांक 01.02.21 से 19.02.21 तक जिन पंचायतों में आवास पूर्णता शून्य है संबंधित पंचायत सचिव का दो दिनों का वेतन स्थगित रखने हेतु आदेश दिया है. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार साहु, अंचल अधिकारी हीरा कुमार, कनीय अभियंता, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक समेत अन्य उपस्थित थे.














