
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की सिमदी पंचायत के लोहामालिया गांव स्थित शिव मंदिर के पास लगे चापाकल के पास गंदे पानी का जमाव होने से लोगों को पेयजल लेने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि चापाकल के पास पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में हर वर्ष ग्रामीणों के समक्ष यह समस्या उत्पन्न होती रहती है. क्षेत्र के जन प्रतिनिधि और पदाधिकारियों से कई बार उक्त स्थल पर नाली निर्माण कराने की मांग की जा चुकी है परंतु अभी तक किसी ने पहल नहीं की है, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है. ग्रामीणों ने कहा कि चापाकल के पास गंदे पानी का जमाव होने से महामारी फैलने का डर भी बना रहता है. चापाकल के पास जमा गंदा पानी रीस कर अंदर भी जाता है और वहीं पानी चापाकल से निकलता है, जिसे ग्रामीण पीने के लिए उपयोग करते हैं. ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें पानी लेने के लिए गंदे पानी में खड़ा होकर चापाकल से पानी भरना पड़ता है, इससे उन्हें काफी परेशानी होती है.



