
चाकुलिया : चाकुलिया में कोरोना का ग्राफ दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है. हर दिन संक्रमण के बढ़ते क्रम से ग्रामीण भयभीत हैं. वही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक पदाधिकारियों की परेशानी बढ़ रही है. चाकुलिया सीएचसी के लैब टेक्निशियन प्रवीर बेरा ने बताया कि हर दिन कोरोना जांच में संक्रमित व्यक्ति पाये जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि चाकुलिया में एक्टिव केस दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं. सभी संक्रमित व्यक्ति को होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है. चाकुलिया के ग्रामीणों द्वारा बरती गई लापरवाही के कारण कोरोना संक्रमण की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है. इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीत मुर्मू ने बताया कि सरकार द्वारा पारित नियमों का ग्रामीण पालन कर संक्रमण को क्षेत्र में फैलने से रोक सकते हैं. कहा कि ग्रामीण भीड़-भाड़ वाले स्थान पर जाने से परहेज करें, समय-समय पर हाथ साबुन और सैनिटाइजर से धोयें. बाहर निकलें तो मास्क पहनें और सामाजिक दूरी बनाये रखें. ग्रामीण कोरोना संक्रमण को फैलने में नियमों का पालन कर सरकार और प्रशासन का सहयोग करे. डॉ मुर्मू ने बताया कि विगत दिनों पांच स्वास्थ्य कर्मी के पॉजिटिब होने पर 72 घंटा के लिए सीएचसी में ओपीडी सेवा बंद कर दी गई थी. फिलहाल ओपीडी सेवा बहाल है. कहा कि बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए निर्णय लिया गया है कि जो भी मरीज ओपीडी में अपना उपचार कराने आयेंगे पहले उनकी रैपिड किट से कोरोना जांच होगी. इसके उपरांत ही ओपीडी में मरीज का इलाज किया जाएगा.




