जादूगोड़ा : झामुमो के जिला संयोजक प्रमुख बाघराय मार्डी का आंदोलन रंग लाया. विगत चार दिनों से यूसिल की तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट में ठेका कर्मी जयराम हांसदा ( 45) की कार्य के दौरान मौत के बाद आश्रितों को यूसिल में स्थाई नौकरी दिलाने को लेकर श्री मार्डी की अगुवाई में मृतक की पत्नी कंपनी गेट पर धरना पर बैठ गईं. इधर झामुमो नेता बाघ राय मार्डी के समर्थन में यूसिल की जादूगोड़ा, नरवा पहाड़ व तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट के 3000 ठेकाकर्मी भी हड़ताल का भरपूर समर्थन किया. (नीचे भी पढ़े)

ठेका मजदूरों के हड़ताल पर चले जाने से यूसिल में उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया व अंत में कंपनी की झुकना पड़ा. प्रबंधन ने आंदोलनकारियों की सभी शर्तें मान लीं. समझौते के तहत अगले तीन माह में मृतक की पत्नी को स्थाई नौकरी, मुआवजा की राशि 28 लाख पर सहमति बनी. साथ ही मृतक के बच्चों को यूसिल संचालित स्कूल में निःशुल्क शिक्षा मिलेगा. बैठक के बाद संवेदक ने मृतक की पत्नी सोमवारी हांसदा को आठ लाख का चेक सौंपा. (नीचे भी पढ़े)

बैठक में पीड़ित परिवार की ओर से जिला संयोजक प्रमुख बाघराय मार्डी,, सोमाय टुडू, राम मार्डी, जीतराय हांसदा, बाघराय सोरेन, मृतक की पत्नी सोमवारी हांसदा अपने तीन बच्चों के साथ बैठक में भाग लिया जबकि यूसिल प्रबंधन की ओर तकनीकी निर्देशक मनोज कुमार, महाप्रबंधक चंचल मन्ना, राकेश कुमार ( डीजीएम) साथ ही धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी चंद्रजीत सिंह, अंचलाधिकारी मनोज कुमार, विधायक संजीव सरदार, दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश कुमार सोरेन ने हिस्सा लिया.











