गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघुड़िया पंचायत के विभिन्न गांवों में मलेरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. इसमें सबसे ज्यादा डुमकाकोचा और मिर्गीटाड़ में सबसे अधिक मलेरिया के मरीज मिल रहे हैं. इन जगहों पर पिछले एक हफ्ते में कई मलेरिया के मरीज मिले हैं. जिनका इलाज विभाग द्वारा कराया गया. मलेरिया रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव-गांव शिविर लगाया जा रहा है. शिविर में जांच कर दवाइयां दी जा रही है. एम पी डब्ल्यू गोबिंद रजक मरीजों का ब्लड सैंपल लेकर जांच कर रहे हैं. गालूडीह क्षेत्र में जहां भी मलेरिया के मरीज मिल रहे हैं उन सभी जगहों पर विभाग द्वारा शिविर लगाकर लोगों की जांच की जा रही है साथ ही दवा भी दी जा रही है. इसके साथ ही ग्रामीणों को जागरूक भी किया जा रहा है. विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि बुखार, ठंड लगना या शरीर में कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत शिविर या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और चिकित्सक की सलाह के अनुसार पूरा उपचार लें.(नीचे भी पढ़े)
मलेरिया से बचाव के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव शुरू
गालूडीह क्षेत्र के मलेरिया प्रभावित गांवों में मच्छरों की संख्या नियंत्रित करने और मलेरिया के प्रसार पर रोक लगाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंटी लार्वा दवा का छिड़काव शुरू किया गया है. यह दवा जलजमाव वाले स्थानों, नालियों, गड्ढों और अन्य जगहों पर छिड़की जा रही है, जहां मच्छरों के लार्वा पनपते हैं. स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्रामीणों को घरों और आसपास सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने, रात में मच्छरदानी का उपयोग करने तथा बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में मलेरिया की जांच कराने की सलाह दे रही है. विभाग की टीम ने बताया कि एंटी लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता अभियान से मलेरिया के प्रसार को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है.







