देवघर: मधुपुर थाना क्षेत्र के सेठभीला के समीप रेलवे ट्रैक पर सोमवार को एक 31 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सेठभीला निवासी सुनील राय 31 वर्ष के रूप में किया गया है. जानकारी के अनुसार सेठभीला के पास पोल संख्या 295/6-8 डाउन रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना12334 विभूति एक्सप्रेस के चालक ही द्वारा मधुपुर स्टेशन प्रबंधक एवं रेलवे सुरक्षा बल “आरपीएफ” को दी गई. सूचना मिलते ही आरपीएफ मधुपुर के इंस्पेक्टर श्याम सुंदर कुमार तथा मधुपुर थाना के एएसआई शशि राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया.प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत विभूति एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुई. घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे. (नीचे भी पढ़े)
शव की स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान करने में प्रारंभिक तौर पर कठिनाई हुई,लेकिन बाद में परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने उसकी पहचान सुनील राय के रूप में की.स्थानीय लोगों की मानें तो मृतक की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी.हालांकि घटना आत्महत्या,दुर्घटना अथवा किसी अन्य कारण से हुई है,इसका स्पष्ट खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया.वहीं आरपीएफ और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुट गई है. घटना के बाद सेठभीला एवं आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है. परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.







