
मुसाबनी: मुसाबनी बाल विकास कार्यालय में धोबनी पंचायत की डुंगरीडीह निवासी दिव्यांग महिला गुरुवारी माहली को बाल विकास विभाग के सुपरवाइजर तरविंदर कौर और मुखिया प्रधान सोरेन ने ट्राई साइकिल सौंपा. ट्राई साइकिल मिलते ही महिला के चेहरे खुशी दिखी. बाद में उसने कहा कि अब इसके सहारे वह किसी स्थान पर आ जा सकती है. विदित हो कि दिव्यांग गुरुवारी महाली चलने फिरने में असमर्थ है, लाठी के सहारे बड़ी मुश्किल से दो चार कदम चल पाती है. दिव्यांग महिला गुरुवारी माहली और पति दुबई माहली ने कई दिनों से ट्राई साइकिल के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाते रहे परंतु इसकी सुध किसी ने नहीं ली. दिव्यांग महिला ने अपने पति और लाठी के सहारे झामुमो प्रखंड अध्यक्ष के पास पहुंचकर ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के लिए गुहार लगाई थी.
दिव्यांग महिला के आग्रह पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन, सोशल मीडिया प्रभारी गौरांग माहली, बिराम बास्के प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ सीमा कुमारी से दूरभाष पर बातकर दिव्यांग की समस्याओं से रूबरू कराया. इसके पश्चात सीडीपीओ कार्यालय में सुपरवाइजर तरविंदर कौर से मुलाकात कर ट्राई साइकिल देने की प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन और नेताओं ने अनुरोध किया. झामुमो नेताओं ने कहा कि जब बाल विकास कार्यालय में 8-10 ट्राई साइकिल मौजूद है और दिव्यांग महिला कई दिनों से प्रखंड का चक्कर काट रही है ऐसे दिव्यांग महिला को अगर ट्राई साइकिल नहीं दिया जाएगा तो यहां क्यों रखा गया है. झामुमो नेताओं की पहल और मुखिया प्रधान सोरेन की अनुशंसा पर सुपरवाइजर तरविंदर कौर और मुखिया प्रधान सोरेन ने दिव्यांग गुरुवारी माहली को ट्राइसाईकिल उपलब्ध कराया.















