जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को ब्रेन मलेरिया से एक और मरीज की मौत हो गयी. इसके साथ ही जिले में मलेरिया से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गयी है. मृतक की पहचान 25 वर्षीय रितिक सिंह के रूप में हुई है. वह मूल रूप से जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के झरिया गांव का निवासी था. परिजनों के अनुसार, रितिक का पहले गालूडीह के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया था, लेकिन इलाज का खर्च अधिक होने के कारण उसे शुक्रवार दोपहर बाद एमजीएम अस्पताल लाया गया. यहां इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करने के दौरान उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक के भाई विकास सिंह ने बताया कि रितिक ब्रेन मलेरिया के अलावा अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से भी जूझ रहा था और उनका भी इलाज चल रहा था. रितिक की मौत के बाद जिले में मलेरिया को लेकर चिंता और बढ़ गयी है. स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों से बुखार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने और समय पर उपचार लेने की अपील कर रहा है.







