चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित स्टील फैक्ट्री प्रांगण में सोमवार से सात दिवसीय राम कथा सह मानस चतुश्शती सह स्वर्ण जयंती समारोह आज आरंभ हो गया. राम कथा के पहले दिन व्यासपीठासीन आचार्य सीताराम शास्त्री ने कहा कि आज से स्टील फैक्ट्री प्रांगण में आयोजित सात दिवसीय राम कथा मानव जीवन का श्रेष्ठ लाभ है. प्रभु की कृपा से आज यहां मानस चतुश्शती समारोह सह स्वर्ण जयंती मनाई जा रही है. राम कथा के आयोजन से चाकुलिया की धरती तीर्थ स्थल बन गई है. लोग अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें. उन्होंने कहा कि स्व प्रभुदयाल झुनझुनवाला और पुरुषोत्तम झुनझुनवाला दोनों ही कर्मयोगी और धर्म योगी थे. एक ने गोसेवा कर सत्कर्म किया तो दूसरे ने धर्म का प्रचार-प्रसार किया. उनकी चेतना से ही और प्रभु की कृपा से चाकुलिया में भव्य सात दिवसीय राम कथा सह मानस चतुश्शती समारोह का आयोजन संभव हो पाया है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रथम दिन कथा सुनाते हुए श्री शास्त्री ने कहा कि ठाकुर जी की दया तभी मिलेगी जब हम उन्हें याद करेंगे. राम चरितमानस की कथा हमें प्रभु राम की भक्ति से जोड़ती है. राम हमारे लक्ष्य हैं, राम नाम आनंद है. जीवन का लक्ष्य सुख और आनंद है और हमें आनंद और सुख तभी मिलेगा जब हम प्रभु राम की भक्ति करेंगें. मन निर्मल हो और चरित्र पवित्र हो तो ही प्रभु की भक्ति संभव है. कथा शुरू होनी चाहिए, समाप्त होनी नहीं चाहिए. कथा निरंतर होनी चाहिए. राम कथा मान सरोवर है. इस कथा में भक्ति,ज्ञान,कर्म,शरणागति के घाट हैं. जो मनुष्य राम की कथा में लीन होंगे, उनके जीवन का उद्धार होगा. प्रभु की कृपा जिस पर हो, वही प्रभु राम को जान सकता है.किसी से कुछ लेना हो या पाना हो तो खुद अज्ञानी बनकर जाएं, तभी जीवन में कुछ पा सकेंगे. मन में संकल्प हो तो प्रभु के दर्शन संभव हैं. उन्होंने कहा कि कथा जीवन की व्यथा को दूर कर प्रभु से जोड़ने का माध्यम है.भगवान की कथा से जीवन का संदेह दूर होता है. मौके पर उपस्थित श्रद्धालु राम की भक्ति में डूबे रहे और शास्त्री जी द्वारा गाए गए भक्ति गीत ‘मैं तो जपूं सदा तेरा नाम, दयालु दया करो’, जय-जय राधा रमc हरि बोल, जय-जय अंबे मां जय जय भवानी मां जैसे गीतों पर लोग देर शाम तक झूमते रहे. (नीचे भी पढ़ें)
कथा आयोजन कमेटी की ओर से निर्मित राम सेतु बांध चित्रकला और प्रभु श्रीरामसीता और लक्ष्मण के वनवास पर आधारित निर्मित झांकी लोगों को आकर्षित किया।कथा के सफल संचालन में कमेटी के रबि झुनझुनवाला, प्रभात झुनझुनवाला, दीपक झुनझुनवाला, आलोक लोधा, संजय लोधा, अमित भारतीय, सुभाष लोधा, बासु लोधा,भरत रूंगटा,कैशव रूंगटा,जुगल किशोर कयाल, कन्हैया सहल, अज्जू शर्मा,बिट्ठल शर्मा,गौतम शर्मा,निकुंज लोधा समेत मारवाड़ी महिला समिति की सभी सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई.















