
चाकुलिया : श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र में बालू लोड कर चाकुलिया की ओर जा रहे दो ट्रैक्टरों को दंडाधिकारी के नेतृत्व में छापामारी करने निकली माइनिंग विभाग की टीम ने जब्त कर लिया। उसके बाद माइनिंग पदाधिकारी ने दोनों ट्रैक्टरों को श्यामसुंदरपुर थाना को सौंप दिया है। यह जानकारी थाना प्रभारी काजल दुबे ने दी। विदित हो कि श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा नदी घाट से रोजाना विभिन्न वाहनों पर अवैध रूप से बालू लोड कर माफियाओं द्वारा बालू की ढुलाई की जाती है। इसकी सूचना पाकर शुक्रवार को छापामारी दल द्वारा दो ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। लगातार बालू माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए छापामारी दल द्वारा अभियान चलाये जाने से बालू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।




