बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मटिहाना स्थित बहरागोड़ा महाविद्यालय के बीएड कैंपस में बीती रात अज्ञात शरारती तत्वों ने रिकॉर्ड रूम का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने और दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया. राहत की बात यह रही कि महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान पूरी तरह सुरक्षित पाए गए हैं. मिली जानकारी के अनुसार, घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुआ जब कॉलेज के व्याख्याता डॉ. नायक मुख्य द्वार खोलने पहुंचे. उन्होंने देखा कि रिकॉर्ड रूम के दरवाजे को क्षतिग्रस्त किया गया था और ताला तोड़ने की कोशिश की गयी थी. डॉ नायक ने तुरंत इसकी सूचना प्राचार्य को दी गयी. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य डॉ बीके बेहरा ने बहरागोड़ा थाना प्रभारी को सूचित किया. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी शंकर प्रसाद कुशवाहा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया. जांच के बाद पुलिस ने पुष्टि की कि चोरी या तोड़फोड़ की कोशिश तो हुई है, लेकिन रिकॉर्ड रूम के अंदर की सभी फाइलें और संपत्तियां सुरक्षित हैं. इस घटना ने महाविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. बताया जा रहा है कि मटिहाना स्थित इस कैंपस में वर्तमान में कोई भी सुरक्षा प्रहरी (गार्ड) तैनात नहीं है. वहीं डॉ. बेहरा ने बताया कि सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से लिखित आग्रह किया गया है.















