
चाकुलिया : बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने गुरुवार को लैम्पस का औचक निरीक्षण कर लैम्पस में किसानों से क्रय धान खरीद पर गड़बड़ी पाकर गोडाउन में सीओ जयवंती देवगम की उपस्थिति पर शुक्रवार को धान की वजन कराने की बात कहकर ताला बंद कराया था। विदित हो कि औचक निरीक्षण के दौरान विधायक ने गोडाउन का निरीक्षण किया और धान खरीद रजिस्टर का अवलोकन किया था, रजिस्टर में अब तक चाकुलिया लैम्पस द्वारा 14 किसानों से 1.26 हजार क्विंटल धान की खरीद करने की जानकारी बीसीओ से लेते हुए कहा कि गोडाउन में उतनी धान नही है। विधायक के पूछने पर लैम्पस कर्मी अरूण राय ने कहा कि 200 क्विंटल धान लैम्पस से टेग एक मिल में भेजा गया है। इस पर विधायक ने वाहन की संख्या देखनी चाही तो लैम्पस पदाधिकारी और कर्मी नंबर बताने में असमर्थ रहे। लैम्पस में धान लिए जाने वाले कुछ किसानों से विधायक समीर महंती ने दूरभाष पर संपर्क कर उनसे धान बेचने संबंधित जानकारी ली तो उक्त किसानों ने कहा कि उनके द्वारा अबतक धान नही बेचा गया है। (नीचे पढ़ें पूरी खबर)
लैम्पस में धान क्रय गलत तरीके से किए जाने और अन्य गड़बड़ी को पाकर उन्होंने इसकी सूचना घाटशिला के एसडीओ को दूरभाष पर देकर कहा कि वे लैम्पस में क्रय किए धान और रजिस्टर को सीज कर रहे हैं इसकी जांच कर दोषी पर उचित कार्रवाई करने की बात कही है। शुक्रवार को विधायक अपने दलबल के साथ चाकुलिया लैम्पस पहुंचकर सीओ की उपस्थिति पर लैम्पस में क्रय किए धान की वजन कराना प्रारंभ कराया। समाचार लिखे जाने तक वाहन पर गोडाउन से धान लोड किया जा रहा है जिसके कारण गोडाउन में कितना धान है की जानकारी नहीं मिल पाई है। विधायक ने कहा कि जांच के उपरांत गोडाउन में रजिस्टर में उल्लेख धान नहीं मिला तो दोसी कर्मी पर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर सीओ जयवंती देवगम, प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी देव कुमार, लैम्पस कर्मी अरुण राय, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष धनंजय करुणामय, गौतम दास, बलराम महतो, राजा बारिक, देवाशीष दास, विशाल बारिक, मिथुन कर समेत अन्य उपस्थित थे।













