चाकुलिया : चाकुलिया मनोहर लाल उच्च प्लस टू उच्च विद्यालय में इंटरमीडिएट कक्षाओं में सीमित सीटों के कारण विद्यार्थियों को हो रही परेशानी को देखते हुए बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित लोगों के साथ बैठक कर समस्या की समीक्षा की. बैठक में विद्यार्थियों के हित में इंटर की सीटों में बढ़ोतरी की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गयी. विधायक ने कहा कि अधिक संख्या में छात्र-छात्राओं के नामांकन की इच्छा होने के बावजूद सीटों की कमी के कारण कई विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

समस्या की गंभीरता को देखते हुए विधायक समीर कुमार मोहंती ने तत्काल पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से फोन पर वार्ता कर मनोहर लाल उच्च विद्यालय प्लस टू में इंटरमीडिएट की सीटों में बढ़ोतरी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया. उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया. विधायक ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक छात्र-छात्रा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और विद्यार्थियों के हित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे.





