चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 के पंप घर नंबर दो का मोटर 26 मार्च से खराब है. बुधवार को चौथे दिन भी क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित रहा. वार्ड क्षेत्र के कई बस्तियों में पेयजल के लिए हाहाकार मचा हुआ है. पानी के लिए ग्रामीण इधर-उधर भटक रहे हैं. पानी नही मिलने से ग्रामीणों में नगर पंचायत के पदाधिकारी और जन प्रतिनिधियों के खिलाफ रोष व्याप्त है. ग्रामीणों ने बताया कि मोटर खराब हुए चार दिन हो गए हैं परंतु अब तक विभाग द्वारा मोटर की मरम्मत नही कराई गई है जिससे लोगों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है. इस संबंध में पार्षद देवानंद सिंह ने बताया कि 28 मार्च को मोटर लगाया गया था परंतु कुछ तकनीकी समस्या के कारण मोटर चालू नही हो पाया. उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा जमशेदपुर से मिस्त्री को बुलाया गया है जल्द ही समाधान कर लिया जाएगा.



