चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड कार्यालय से सटे बाजपेयी नगर कॉलोनी में जंगली हाथियों का उपद्रव लगातार बढ़ता जा रहा है. हाथियों के बार-बार कॉलोनी में आने से ग्रामीण दहशत में हैं. लोगों ने बताया कि रात होते ही जंगली हाथी कॉलोनी में आ जाते हैं और गली-गली घूमने लगते हैं. विगत कई दिनों से यहां के निवासी हाथियों के भय से रतजगा कर रहे हैं. बीती रात करीब 11:00 एक जंगली हाथी कॉलोनी में घुस आया. इससे कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई. हाथी रात भर कॉलोनी में घूम घूम कर उत्पात मचाता रहा. सूचना पाकर वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम पहुंची और हाथी को खदेड़ने के प्रयास में जुट गई.(नीचे भी पढ़े)

विदित हो कि चाकुलिया बाजार क्षेत्र के बाजपेयी नगर कॉलोनी चाकुलिया हवाई पट्टी से सटा हुआ है और हवाई पट्टी जंगल से घिरा हुआ है जिस कारण अक्सर जंगली हाथी हवाई पट्टी आते जाते रहते हैं. हवाई पट्टी के रास्ते ही हाथी इन दिनों बाजपेयी नगर कॉलोनी में प्रवेश कर रहे हैं. रात में वन विभाग के क्विक रिस्पांसटीम ग्रामीणों के साथ मशाल जलाकर काफी मशक्कत करने के बाद उक्त हाथी को कॉलोनी से बाहर निकालने में सफल हुआ. ज्ञात हो कि इसके पूर्व भी जंगली हाथी कई बार प्रखंड कार्यालय से सटे बाजपेयी नगर में प्रवेश कर चुका है. इस तरह बार-बार हाथी के कॉलोनी में आने से कॉलोनी वासियों में काफी दहशत है.











