जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 452 ग्राम गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. इस संबंध में जादूगोड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस के अनुसार 15 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम स्वासपुर के पास पुराना राखा माइंस की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री और परिवहन कर रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना के आधार पर सनहा दर्ज कर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया. वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश तथा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्वासपुर निवासी नागेन भकत (45 वर्ष) को मोटरसाइकिल संख्या जेएच05डीके-6337 पर संदिग्ध अवस्था में पकड़ा. (नीचे भी पढ़ें)
उसके पास मौजूद काले प्लास्टिक की जांच करने पर करीब 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 452 ग्राम गांजा, एक वीवो कंपनी का स्मार्टफोन तथा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.







