बहरागोड़ा : बहरागोड़ा पुलिस ने शनिवार सुबह थाना क्षेत्र के मुटुरखाम स्वर्णरेखा नदी किनारे संचालित अवैध देसी शराब भट्टी को ध्वस्त कर दिया. इस दौरान पुलिस दल ने वहां से भारी मात्रा में जावा महुआ भी बरामद किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस संबंध में थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि वरीय पुलिस अधिकारी के निर्देश पर बहरागोड़ा थाना की पुलिस टीम ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत मुटुरखाम गांव के स्वर्णरेखा नदी किनारे संचालित भट्टी में औचक छापामारी की. इस कार्रवाई में पुलिस ने भट्ठी से करीब 200 किलो जावा महुआ बरामद किया, जिसे वहीं नष्ट करते हुए वहां उपयोग में आ रहे बरतनों को भी नष्ट कर दिया.(नीचे भी पढ़ें)

हालांकि पुलिस दल के छापामारी के लिए पहुंचने की सूचना पाकर भट्टी संचालक एवं अन्य लोग वहां से फरार हो गये. श्री तिवारी ने बताया कि बहरागोड़ा पुलिस अवैध शराब के धंधे में लगे कारोबारियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह अभियान चलाया जाता रहेगा. उन्होंने कहा कि पुलिस शराब भट्टी के संचालक के नाम का पता लगाकर उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि अवैध शराब बनानेवालों एवं उसे बेचनेवालों के विरुद्ध छापामारी आगे भी जारी रहेगी. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब भट्टी संचालकों में हड़कंप मच गया है.



