जमशेदपुर : जमशेदपुर की हल्दीपोखर पुलिस ने प्रतिबंधित मांस के कारोबार मामले का उद्भेदन करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. साथ ही चापड़, 15 पीस चाकू, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोटरसाइकिल समेत अन्य सामग्री बरामद किया है. पुलिस ने सभी को स्थानीय मुस्लिम बस्ती से गिरफ्तार किया है, जिसमें इमरान अली, साबीर अली उर्फ धोलो, शमीम उर्फ पप्पू नईमूल होदा उर्फ लड्डू और अख्तर हुसैन उर्फ माधव शामिल है. साथ ही स्थल से बरामद 17 मवेशियों को बरामद कर गौशाला के सुपूर्द कर दिया गया है. पुलिस की ओर से बताया गया है कि वरीय पदाधिकारी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि हल्दीपोखर मुस्लिम बस्ती में इमरान अली एवं शमीम उर्फ पप्पू अपने घर में कुछ लोगों के साथ मिलकर प्रतिबंधित गौवंशीय पशु को काटकर उसके मांस का व्यापार एवं परिवहन कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना के मद्देनजर वरीय पदाधिकारी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी दल द्वारा हल्दीपोखर मुस्लिम बस्ती स्थित इमरान अली तथा उनके बगल अर्ध निर्मित घर की घेराबंदी कर छापामारी की गयी, तो देखा गया कि इमरान अली अपने घर की चहारदीवारी के अंदर प्लास्टिक लगे शेड के नीचे प्रतिबंधित गौवंशीय मांस को चाकू एवं चापड़ से काट रहा है. इसी बीच पुलिस को देखकर उन सभी ने चहारदीवारी फांदकर भागने का प्रयास किया, जिन्हें दौड़ा कर एवं घेराबंदी कर पकड़ लिया गया. तत्पश्चात पूर्व से घेराबंदी किये शमीम उर्फ पप्पू गौवंशीय प्रतिबंधित मांस के साथ पकड़ा गया.












