
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की बड़ामारा पंचायत के मुढ़ाल गांव के सबर परिवार के बीच लाक डाउन होने से आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई है. सबर टोला में रह रहे बुधराम सबर, टुकलु सबर, फोटका सबर, मिनु सबर, पोका सबर, शंभु सबर ने बताया कि टोला में 17 सबर परिवार रहते है. सबरों ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण हुई लॉक डाउन से उनके समक्ष आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई है. सबरों ने कहा कि उनके बीच दो माह का चावल एक माह पूर्व ही वितरण किया गया था जो अब समाप्त होने पर है. सबरों ने कहा कि वे सभी अपने परिवार के भरण पोषण करने के लिए पूर्ण रूप से जंगल पर आश्रित है.
सबरों ने कहा कि सुबह में सबर परिवार साल जंगल जाकर दिन भर साल की बीज चुनते हैं और बोरा में भर कर घर लाकर बीज को चुनकर साफ कर प्रति किलो 10 रुपये की दर से बेचकर किसी तरह अपना और परिवार का भरन पोषण कर रहे हैं. टोला के सबरों ने कहा कि अन्य सबर बस्ती में विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने सबर टोला जाकर सबर के बीच अनाज का वितरण किया है परंतु मुढ़ाल गांव के सबर टोला में अबतक किसी ने भी उनकी सुधि तक नहीं ली है. सबरों ने कहा कि मुढ़ाल गांव में भी कई नेता है परंतु उन्हें देखने तक नही आते हैं कि वे जिंदा भी है या मर रहे हैं. टोला के सबर ने बताया कि अधिकांश सबर परिवार इन दिनों टोला से सटे साल जंगल पर अपनी जीविका के लिए पूर्ण रूप से आश्रित है. सभी जंगल जाकर साल बीज चुनकर जीवन वसर कर रहे हैं.






