
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के कुमारडुबी और बहरागोड़ा गांव में बुधवार को एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नंदकिशोर लाल के नेतृत्व में अवैध पटाखा गोदाम, दुकानों में छापामारी कार्रवाई की गई. छापेमारी दल में एसडीओ घाटशिला सत्यवीर रजक, बीडीओ बहरागोड़ा राजेश साहू, इंस्पेक्टर बहरागोड़ा थाना शम्भू गुप्ता और बड़सोल थाना प्रभारी शामिल थे. छापेमारी के दौरान कुमारडुबी गांव में अजित दास के घर से कुल 26 खाली सिलेंडर और सुकुमार दत्ता के घर से 26 भरा हुआ गैस सिलेंडर बरामद किया गया, जिसमें अधिकांश सिलेंडर के ऊपर उज्ज्वला गैस का टैग मिला. सभी गैस सिलेंडर अवैध एवं बिना लाइसेंस के पाए गए. उक्त व्यक्तियों से पूछताछ में पता चला कि सभी गैस सिलेंडर चांदनी गैस एजेंसी बहरागोड़ा से लिया गया है. विस्तृत पूछताछ के लिए दोनों व्यक्तियों को मौके पर से बड़सोल थाना ले जाया गया. दूसरी ओर बहरागोड़ा गांव में फेतु साह नामक व्यक्ति के गोदाम, दुकान में छापेमारी के पूर्व वे तालाबंदी कर फरार हो गया. संबंधित व्यक्ति को उसके परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से भी मौके पर बुलाने का प्रयास किया परन्तु किसी प्रकार का सहयोग प्राप्त नहीं हुआ. जिसके बाद फेतु साह के गोदाम, दुकान को तत्काल प्रभाव से सील करने की कार्रवाई की गई है.







