चाकुलिया : चाकुलिया के शांति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर स्कूल में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धापूर्वक मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम विद्यालय के संरक्षक कमल खंडेलवाल, सचिव अमित भारतीय, अध्यक्ष प्रभात कुमार झुनझुनवाला, उपाध्यक्ष आलोक लोधा, कोषाध्यक्ष दिनेश सिंह और प्रधानाचार्य कमलकांत प्रमाणिक द्वारा महर्षि वेदव्यास की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया. अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को अपनी और आकर्षित किया. कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की. (नीचे भी पढ़ें)

विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से सभी आचार्य एवं दीदी को सम्मानस्वरूप नवीन वस्त्र प्रदान किए गए. वहीं, विद्यालय के भैया-बहनों ने अपने आचार्यों एवं दीदी का अभिनंदन करते हुए उन्हें उपहार भेंट कर गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की और आशीर्वाद लिया. कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए ज्ञान, संस्कार एवं सेवा के पथ पर अग्रसर रहने का संदेश दिया. इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य, दीदी समेत विद्यालय के भैया बहन उपस्थित थे.




