जादूगोड़ा : पोटका प्रखंड अंतर्गत टांगराइन उत्क्रमित मध्य विद्यालय टांगराइन परिसर में आगामी 2 मई से 4 मई तक विज्ञान जागरूकता मेले का आयोजन किया जा रहा है. केंद्रीय विज्ञान एवं तकनीक मंत्रालय (लिटिल ड्रॉप्स) के सौजन्य से आयोजित हो रहे इस तीन दिवसीय आयोजन में स्कूली विद्यार्थियों के लिए विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी, जबकि इसमें आसपास के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी शिरकत कर सकेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
केंद्रीय विज्ञान एवं तकनीकी मंत्रालय के सौजन्य से पोटका के टांगराइन उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में आगामी 2 मई से तीन दिवसीय विज्ञान जागरूकता मेले का आयोजन किया जा रहा है. यह मेला प्रति दिन सुबह 7 बजे से शुरू होकर दिन के 11 बजे तक चलेगा. क्षेत्र के शिक्षाविद् एवं राज्य स्तरीय वैज्ञानिक इस मेले का उद्घाटन करेंगे. मेले के पहले दिन अतिथियों एवं आयोजकों के साथ मेले के औचित्य एवं विज्ञान की उपयोगिता विषय पर प्रतिभागियों के लिए परिचर्चा आयोजित होगी. इसके बाद बच्चों के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता एवं क्विज का आयोजन होगा. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरे दिन वाद-विवाद एवं नाटक की प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी. अंतिम दिन विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की जायेगी. सभी प्रतियोगिताओं में उच्चतम अंक अर्जित करने वाले 5-5 प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, साथ ही भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को केंद्रीय विज्ञान एवं तकनीकी मंत्रालय की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा. प्रतिभागियों को मंत्रालय द्वारा तैयार फॉर्म में पासपोर्ट साइज फोटो एवं आधार कार्ड की छाया प्रति के साथ रजिस्ट्रेशन कराना होगा.(नीचे भी पढ़ें)
इस विज्ञान जागरूकता मेले में पल्लीमंगल उच्च विद्यालय, शांतिपुर कैरासाई, प्लस टू उच्च विद्यालय चाकड़ी, पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर कोवाली, मध्य विद्यालय कोवाली, मध्य विद्यालय कैरासाई, उत्क्रमित मध्य विद्यालय पडियासाई, उत्क्रमित मध्य विद्यालय छोटा हाड़ियान, उत्क्रमित मध्य विद्यालय रादुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय टांगराइन, मुक्तेश्वर धाम उच्च विद्यालय, हरिना, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नाचोसाई आदि के वर्ग पांच से बारह तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे.




