चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की बर्डीकानपुर – कालापाथर पंचायत के मधुपुर गांव के ग्रामीण विगत आठ माह से पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं. गांव की अल्का मुंडा, प्रमिला मुंडा, अमिता मुंडा, बासंती मुंडा समेत अन्य महिलाओं ने कहा कि गांव में निर्मित सोलर जलापूर्ति योजना विगत आठ माह से ठप है. सोलर जलापूर्ति योजना की मरम्मत कराने के लिए लोगों ने कई बार पंचायत के जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया परंतु आज तक ठप जलापूर्ति योजना की मरम्मत कराने की दिशा में किसी ने भी पहल नहीं किया है. महिलाओं ने कहा कि गांव के 30 परिवार विगत आठ माह से पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं और गांव से दूर जाकर माथे पर ढोहकर पीने के लिए पानी लाती है. महिलाओं ने कहा कि मधुपुर गांव में न तो पदाधिकारी आते हैं और न ही विधायक और न ही सांसद आते हैं. ऐसे में वें अपनी समस्या किसके समक्ष रखें. महिलाओं ने कहा कि उनकी सुध तक कोई नहीं लेता है वे अपनी समस्याओं से रोजाना जूझतीं है. ठप जलापूर्ति योजना की मरम्मत नहीं होने के कारण महिलाओं में क्षेत्र के जन प्रतिनिधि और पदाधिकारियों के खिलाफ काफी आक्रोश है.



