घाटशिला : घाटशिला कॉलेज में गुरुवार को अत्याधुनिक गर्ल्स कॉमन रूम एवं झारखंड राज्य खुला विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र का उद्घाटन हुआ. घाटशिला विधायक रामदास सोरेन, टाटा स्टील ट्राइबल सर्विसेज के हेड जीरेन जेवियर टोप्पो एवं विश्वविद्यालय के कोऑर्डिनेटर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि घाटशिला कॉलेज में टाटा स्टील फाउंडेशन ने अत्याधुनिक गर्ल्स कॉमन रूम का निर्माण कराया है. मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक रामदास सोरेन ने कहा कि टाटा स्टील ट्राइबल सर्विसेस की ओर से गर्ल्स कॉमन रूम का निर्माण कराया जाना काफी सराहनीय कार्य है. उन्होंने कहा कि टाटा स्टील इसके लिए धन्यवाद का पात्र है. साथ ही उन्होंने झारखंड राज्य खुला विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र शुरू किये जाने के संबंध में कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने इस वर्ष के बजट सत्र में सिर्फ घाटशिला प्रखंड में दो यूनिवर्सिटी खोल दिया. जमीन मिल जाने से एक और यूनिवर्सिटी खुलेगी. घाटशिला के लोगों के लिए इससे बड़ी और कोई सौगात नहीं होगी. राज्य का पहला प्रखंड होगा जहां पर तीन-तीन विश्वविद्यालय बन गए हैं.(नीचे भी पढ़ें)

जिला परिषद सदस्य कर्ण सिंह ने कहा कि घाटशिला कॉलेज के प्राचार्य डॉ आरके चौधरी के आने से कॉलेज लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है. टाटा स्टील ट्राइबल सर्विसेज के हेड जीरेन जेवियर टोप्पो ने कहा कि आज पूरे महाविद्यालय परिवार की ओर से चार सूत्री मांग पत्र दिया गया है. इसकी घोषणा आज नहीं कर सकते, किन्तु बोर्ड की बैठक में मांग को रखा जाएगा. एक-एक कर मांगें पूरी की जाएंगी. इसमें मॉडल पुस्तकालय, पेयजल की व्यवस्था, हाई मास्ट लाइट आदि शामिल हैं. मौके पर मुख्य रूप से झारखंड राज्य खुला विश्वविद्यालय के कोऑर्डिनेटर प्रेम सागर केसरी, विकास मौर्य, जिला परिषद सदस्य कर्ण सिंह, देवयानी मुर्मू, मुखिया पार्वती मुर्मू, आनंद अग्रवाल, प्रो. इंदल पासवान, डॉ. नरेश कुमार सहित काफी संख्या में महाविद्यालय के शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मी तथा छात्र छात्राएं मौजूद थे.



