बहरागोड़ा: बहरागोड़ा के सिटी नर्सिंग होम में लेप्रोस्कोपिक एवं जनरल सर्जन डॉ चंदन सिंह ने इमरजेंसी सर्जरी कर 25 वर्षीय महिला की जान बचाने में सफलता हासिल की है. खंडामौदा पंचायत के दिगवर्दा गांव निवासी महिला रूमा साव पिछले कई दिनों से पेट दर्द,उल्टी और खाना नहीं खा पाने की समस्या से परेशान थी. परिजनों ने बताया कि उसे कई जगहों पर इलाज करवाया गया परंतु उसकी हालत में सुधार नहीं हो पा रहा था. तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसे बहरागोड़ा के सिटी नर्सिंग होम लाया गया. मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर चंदन सिंह ने तत्काल जांच कराई,(नीचे भी पढ़े)
जांच में अपेंडिक्स में गंभीर सूजन और संक्रमण के संकेत मिले. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मरीज को तत्काल ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया और सर्जरी के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि अपेंडिक्स काफी सुजकर काला पड़ चुका था और उसका एक हिस्सा फट गया था. इसके कारण पेट के अंदर संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ था. डॉक्टर श्री सिंह ने सावधानीपूर्वक सर्जरी करते हुए प्रभावित अपेंडिक्स को हटाया और संक्रमण को नियंत्रित करने की प्रक्रिया पूरी की.ऑपरेशन के पश्चात मरीज की स्थिति बेहतर बनी रही. सर्जरी के बाद रूमा साव को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है उन्हें आवश्यक एंटीबायोटिक दवाएं और लिक्विड डाइट दी जा रही है. डॉक्टर के अनुसार फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है.




