चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड की लोधाशोली पंचायत के राजबांध गांव में 20 वर्षीया नीलिमा महतो नामक युवती ने रविवार की दोपहर घर के अंदर दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. मृतका के छोटे भाई रंजन महतो ने बताया कि घटना के वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था. उनके दादा और दादी खेत पर गए हुए थे. जबकि मां किसी जरूरी काम से बाहर गई थीं. रंजन महतो के अनुसार आत्महत्या करने से ठीक पहले युवती ने उनसे तालाब जाकर नहाने के लिए कहा था.(नीचे भी पढ़े)
जब रंजन महतो तालाब गया उसी दौरान युवती ने यह कदम उठा लिया. गांव की एक छोटी बच्ची ने सबसे पहले युवती को फंदे पर झूलते हुए देखा. बच्ची ने तत्काल इसकी जानकारी अपनी मां को दी. इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवती को फंदे से नीचे उतारा. युवती को तुरंत एक निजी वाहन से चाकुलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पाकर थाना के एसआई कबिंद्र पोद्दार और सुकलाल हांसदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. उन्होंने शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.



