
चाकुलिया : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका (पूर्वी सिंहभूम जिला) चाकुलिया प्रखंड की बंगाल सीमा से सटे चालुनिया पंचायत के भंडारू गांव निवासी एक व्यक्ति की शुक्रवार की देर शाम 5 बजे मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार वह व्यक्ति विगत 23 मार्च को हैदराबाद से गांव लौटा था. गांव लौटने के 12 वें दिन उसकी मौत होने से गांव में दहशत का माहौल है. घटना की सूचना पाकर सीओ अरविंद ओझा, बीडीओ लेखराज नाग और थाना प्रभारी अनिल नायक गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली और शव को कब्जे में जांच के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम भी कराने की तैयारी की जा रही है. वैसे इस मामले में जमशेदपुर के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला को वाट्सएप के जरिये पूरी खबर पर जानकारी लेने की कोशिश की गयी, लेकिन कोई जवाब देर रात तक नहीं आ पाया.
14 दिन के क्वारंटाइन में रहने की बात कही थी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी
इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा रंजित मुर्मु ने बताया कि हैदराबाद से लौटने के बाद वह व्यक्ति चेकअप के लिए सीएचसी आया था. कहा कि कोरोना वायरस के मद्देनजर उसकी प्राथमिक उपचार कर उसे 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी गई थी. उस वक्त उसने कहा कि वह घर पर रहना चाहता है. उसे सारी जानकारी देकर छोड़ दिया गया था. डा मुर्मु ने कहा कि हालांकि उक्त व्यक्ति में कोरोना का लक्षण नही था. समय-समय पर उसकी स्वास्थ्य टीम सुधि ले रही थी. शुक्रवार को भी वह खुद गांव जाकर उसकी सुधि ली. कहा कि शुक्रवार उसकी हालत बिगड़ता देख उसे रेफर किया गया था परंतु वह नही गया और शाम में उसकी मौत होने की सूचना मिली. उन्होंने कहा कि उसकी मौत किन कारणों से हुई यह जांच होने के बाद ही कहा जा सकता है. कहा कि उसके बदन पर कई दाग और दाने उभर आये हैं, जिससे यह प्रतीत होता है कि उसको किसी दवा का रिएक्शन हुआ है.
जांच के बाद ही होगा खुलासा
इस संबंध में सीओ अरविंद ओझा ने कहा कि 23 मार्च को वह व्यक्ति हैदराबाद से गांव लौटा था. उसे क्वारंटाइन में रखा गया था. कहा कि लोगों ने बताया कि उसे चिकेन पॉक्स हुआ था. सीओ ने कहा कि मृत व्यक्ति के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिये जमशेदपुर के एमजीएम भेजा गया है. कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उसकी सारी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा होगा कि उक्त व्यक्ति की मौत किन कारणों से हुई है.







