
जमशेदपुर : जमशेदपुर में लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने सख्ती बरती है. इस कड़ी में जमशेदपुर में लगातार पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है. सुबह से लेकर रात तक पुलिस की ओर से लॉकडाउन तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और उनकी धड़पकड़ की जा रही है. पहले दो दिनों तक धड़पकड़ कर सबको छोड़ दिया जा रहा था और कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी. अब जमशेदपुर पुलिस की ओर से लगातार लॉकडाउन तोड़ने वालों के खिलाफ सरकारी आदेश का उल्लंघन करने और संगीन बीमारी के एक्ट का उल्लंघन करने के मामले में आरोपी बनाकर केस दर्ज किया जा रहा है. केस दायर करने के बाद सभी को थाना से जमानत देकर छोड़ तो दिया जा रहा है, लेकिन इस तरह के केस हमेशा के लिए परेशानी का सबब बन सकते है. हर दिन हाजिरी में कोर्ट जाओ, वारंट निकलेगा और थाना का चक्कर और थाने के डोसियर में भी ऐसे लोग शामिल हो जायेंगे. इस लिहाज से लोगों को चाहिए कि पुलिस की इस कार्रवाई से बचे और लॉकडाउन का स्वत: पालन करें ताकि इस तरह की परेशानी से भी बचे और पुलिस को सख्ती सिर्फ इसलिए बरतनी पड़ रही है क्योंकि आपके और समाज स्वस्थ्य रह सके. यह कोई आम कर्फ्यू जैसे हालात नहीं है, यह बीमारी को देखते हुए उठाया गया कदम है. इसके तहत शुक्रवार को जमशेदपुर पुलिस ने साकची में पांच, आजादनगर में सात, कदमा में 21, सोनारी में दो और टेल्को में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया है. देर शाम को गोलमुरी पुलिस ने 20 और टेल्को ने 32 लोगो को उठाया था, जिनके खिलाफ मुकदमा दायर किया गया और सबको जमानत पर रिहा किया गया.






