पोटका: कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर स्थित हृदय नगर में रविवार की देर रात चोरों ने अधिवक्ता जावेद जमाल के घर को निशाना बनाते हुए 95 हजार रुपये नकद समेत करीब 14 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों की चोरी कर ली. वारदात के समय घर में परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे, लेकिन किसी को चोरों के घर में घुसने की भनक तक नहीं लगी.अधिवक्ता जावेद जमाल के अनुसार, उनकी मां, पत्नी, बेटी और भगिनी अपने-अपने कमरों में सो रहे थे.रात करीब 3:10 बजे उनकी आंख खुली तो आंखों में जलन महसूस हुई.आंख धोने के बाद उन्होंने घर की स्थिति देखी तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला. कमरे में रखी गोदरेज अलमारी भी टूटी हुई थी. जांच करने पर उसमें रखे 95 हजार रुपये नकद तथा सोने का हार, झुमके, नाक के फूल और चांदी की चूड़ी-पट्टी समेत करीब 14 लाख रुपये के आभूषण गायब मिले.(नीचे भी पढ़े)

सीसीटीवी में पांच चोर कैद: सीसीटीवी फुटेज में पांच संदिग्ध चोरों के घर में प्रवेश करने की बात सामने आई है. बताया गया कि चोर रात करीब दो बजे घर में दाखिल हुए और लगभग तीन बजे तक घर के अंदर रहकर चोरी करते रहे. सभी ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे.(नीचे भी पढ़े)
स्प्रे के इस्तेमाल का संदेह: जावेद जमाल ने बताया कि घटना के बाद घर के सभी सदस्यों की आंखों और चेहरे में जलन हो रही है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने परिवार के सदस्यों को गहरी नींद में रखने के लिए किसी प्रकार के स्प्रे का इस्तेमाल किया होगा. हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. घटना के बाद अधिवक्ता ने कोवाली थाना में मामला दर्ज कराया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है. जावेद जमाल ने पुलिस-प्रशासन से मामले में शीघ्र ठोस कार्रवाई की मांग की है.




