गालूडीह: पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र के पुतरु टोल प्लाजा का टेंडर 18 मार्च को पाथ इंडिया लिमिटेड कंपनी को मिला है. कंपनी प्रतिदिन केंद्र सरकार को 13 लाख 71 हजार रुपये देगी. कंपनी को एक साल का टेंडर मिला है. इसके बाद दोबारा फिर टेंडर होगा. कंपनी के मैनेजर आरएस यादव ने बताया कि 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले प्राइवेट वाहनों को रियायत दी जाएगी. 340 रुपये का एक मासिक पास बनेगा, जिससे आना-जाना कर सकेंगे. मालूम हो कि यहां प्रतिदिन करीब 2 से 3 हजार वाहन पार होता है. जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक अप्रैल से बड़ा बदलाव लागू होने जा रहा है. नए वित्तीय वर्ष 2026-27 से देशभर के सभी टोल प्लाजा पूरी तरह कैशलेस कर दिए जाएंगे. इसके बाद टोल पर नकद भुगतान की सुविधा समाप्त हो जाएगी और वाहन चालकों को केवल फास्टैग या यूपीआई के माध्यम से ही टोल शुल्क का भुगतान करना होगा. (नीचे भी पढे़ं)
स्थानीय लोगों को टोल टैक्स से मुक्त नहीं किया तो होगा आंदोलन: ग्रामीण
पुतरु टोल प्लाजा के आसपास गांवों के ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पहले पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्थानीय लोगों को टोल टैक्स नहीं लगता था. लेकिन जब से पाथ इंडिया लिमिटेड कंपनी को टेंडर मिला है. तब से टोल प्लाजा के कर्मियों द्वारा स्थानीय लोगों को रोका जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोग हर पल न सिर्फ व्यवसायिक, बल्कि खेतीबाड़ी आदि से जुड़े हैं. पांच से दस किलोमीटर की दूरी पर रहने वाले लोगों को टैक्स में छूट मिलनी चाहिए. कहा कि जिस पंचायत क्षेत्र में टोल प्लाजा है, वहां के बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं देकर बाहर से लोगों को काम दिया जा रहा है. इससे युवाओं में रोष है. कहा कि अगर एक हफ्ते के अंदर अगर जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
आरएस यादव, मैनेजर, पुतरु टोल प्लाजा
टोल प्लाजा से पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्थानीय लोगों के लिए टोल टैक्स फ्री नहीं है. यह लोगों का एक गलत धारणा है. स्थानीय लोगों के वाहनों की सूची तैयार किया जा रहा है. उनको कंपनी अपने निजी स्तर से टोल टैक्स में छूट देगी. 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले प्राइवेट वाहनों 340 रुपये का मासिक पास बनवाया होगा. 1 अप्रैल से टोल प्लाजा पूरी तरह कैशलेस होंगे.



