चाकुलिया: चाकुलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर शनिवार की दोपहर डाउन गीतांजली एक्सप्रेस ट्रेन से कूद जाने के कारण घाटशिला कॉलेज की छात्रा चाकुलिया प्रखंड की लोहामालिया गांव निवासी कविता नायक गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल छात्रा को उपचार के लिए एक टेंपो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है. यहां इलाज जारी है. मिली जानकारी के अनुसार सेमेस्टर तीन की छात्रा कविता नायक अपनी सहेली पूजा नायक के साथ घाटशिला स्टेशन से ट्रेन पकड़ी. इस दौरान दोनों गलती से गीतांजलि एक्सप्रेस पर सवार हो गई. (नीचे भी पढ़े)
जब ट्रेन चाकुलिया रेलवे स्टेशन से गुजरने लगी और वहां नहीं रुकी तो घबराहट में कविता ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी. इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गई. उसकी सहेली पूजा नायक ट्रेन में ही रह गई. उसने तत्काल फोन के माध्यम से कविता के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी. गंभीर अवस्था में ट्रैक के पास पड़ी छात्रा की मदद के लिए स्थानीय युवकों ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा को टेंपो से चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने घायल छात्रा का प्राथमिक उपचार किया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के एसआई करण सोरेन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल छात्रा की स्थिति का जायजा लेते हुए मामले की जानकारी ली.















