रामगोपाल जेना/चाईबासा : झारखण्ड की माटी के लाल, संविधान सभा के सदस्य और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी, मरङ्ग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जयंती के अवसर पर शनिवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेसजन ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये. कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व राज्य सभा सांसद डॉ प्रदीप कुमार बलमुचु ने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा आदिवासियों की आवाज थे. आज भी उनके विचार बहुत सामयिक हैं. जयपाल सिंह मुंडा ने न सिर्फ झारखंड आंदोलन को एक स्थायी रूप दिया, बल्कि संविधान सभा में भी पूरे देश के आदिवासियों का प्रतिनिधित्व करते हुए उनके हक के लिए संविधान में व्यवस्था करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. (नीचे भी पढ़ें)
जयपाल सिंह मुंडा ने ही यह कहा था कि आदिवासी समाज में ही सबसे अधिक प्रजातांत्रिक व्यवस्था का उदाहरण है, जिसका अन्य लोगों को भी अनुसरण करना चाहिए. इस समाज में चाहे वह अमीर हो या गरीब, सबको समान अधिकार प्राप्त है. जयपाल सिंह मुंडा ने संविधान सभा में कहा था कि संविधान में विशेष व्यवस्था के तहत आदिवासियों को ऐसे संरक्षण दिये जाएं, ताकि वे जंगल से निकलकर विधायिका एवं अन्य जनमंच पर आ सकें. उन्होंने अपने ऐतिहासिक भाषण में यह भी कहा था कि आदिवासी ही प्रथम श्रेणी के भारतीय नागरिक हैं. मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई, प्रवक्ता त्रिशानु राय, महासचिव कैरा बिरुआ, अविनाश कोड़ाह, सचिव जानवी कुदादा , मोहन सिंह हेम्ब्रम, ओबीसी प्रकोष्ठ प्रदेश महासचिव मायाधर बेहरा, प्रखंड अध्यक्ष राहुल पुर्ती, आरजीपीआरएस प्रखंड अध्यक्ष मंजु बिरुआ, मंडल अध्यक्ष तिला तिर्की, वरीय कांग्रेसी राम सिंह सवैयां, राधा मोहन बनर्जी, विजय तिग्गा, अमित मुखी, सुनीता लकड़ा, शंकर बिरुली, अजय कुमार, संजय साव, महेश अंगरिया, सुशील दास आदि उपस्थित थे.















