बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के कुलियांक गांव के लोगों ने जन प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से गांव के हरिमंडप के समीप एक हाइमास्ट लाइट लगवाने की मांग की है. ग्रामीणों ने बताया कि सांसद, विधायक, जिला पार्षद एवं जिला प्रशासन से मिलकर ग्रामीण हरिमंडप के समीप लाइट लगवाने की मांग करेंगे. स्थानीय परंपरा के अनुसार बैशाख महीने में हर रात को वैष्णव समाज और गांव के बुजुर्गों के द्वारा कीर्तन का आयोजन किया जाता है. ग्रामीण कीर्तन कर भगवान विष्णु से गांव में सुख, शांति और समृद्धि के लिए कामना करते हैं. रात को बिजली की कटौती के कारण संकीर्तन करने में ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि मंडप के पास लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीण चार्जर लाइट जलाकर या अन्य विकल्प से रोशनी की व्यवस्था कर कीर्तन करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों ने कहा कि हरी मंडप के पास हाइमास्ट लाइट लग जाने से लोगों को संकीर्तन करने में काफी सहूलियत होगी. मौके पर मदन मोहन जाना, चित्तरंजन विशाल, कनाई लाल विशाल, नंदलाल सीट, गुनाधर धाड़ा, शशांक नायक, पंचानन मुंडा, डोमा बेरा, सुखलाल बेरा, प्रबीर मंडल, देवाशीष जाना, कामेश्वर बेरा, लक्ष्मण धाउड़िया समेत अन्य उपस्थित थे.














