बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के मौदा पंचायत अंतर्गत चौरंगी में 9.76 करोड़ की राशि से स्थापित चौरंगी ग्रामीण जलापूर्ति योजना से कई गांव में जलापूर्ति नहीं हो रही है. इस जलमिनर से मौदा, पाथरी एवं बनकाटा पंचायत लोग लाभान्वित होते थे. ज्ञात हो कि तीन साल पहले सुवर्णरेखा नदी से पाइप के माध्यम से पानी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में लाया जाता है. पानी को फिल्टर कर टंकी में चढ़ाया जाता है और जलापूर्ति होती थी. इस जलापूर्ति योजना के तहत 3.60 लाख लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी बनाई गई है. यहीं से 17 गांवों में जलापूर्ति होती थी जलापूर्ति बंद होने से लगभग 1700 परिवार के सम्मुख पेयजल संकट गहरा गया है. इससे लोगों को अपने नजदीक अवस्थित चापाकल या सोलर जल मीनार से पानी लाना पड़ता है. ग्रामीणों का कहना है कि 2 सितंबर 2024 को पीएचडी विभाग के अधिकारियों संग बैठक कर जामशोला स्थित सुवर्णरेखा नदी में लगे मोटर को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया गया था. फिर विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुराने मोटर को बदलकर नया मोटर लगाया गया था. इससे कुछ ही दिन पेयजल की सप्लाई होने के बाद पुन: बंद हो गया है. योजना का संचालन मौदा ग्रामीण जलापूर्ति समिति के तहत किया जाता है. जानकारी के मुताबिक विगत कई माह से मौदा, बेंदा, बड़ामचुटी, डिंगाशाई, बेलडीहि, बामडोल, पिपली, रघुनाथपुर, बड़ामचाटी, कालापड़ासिया, गोहालडीहि, चड़कमारा, मधुआबेड़ा, दुबराजपुर, झाटियाशोल, पाथरी समेत दर्जनों गांव में जलापूर्ति नहीं हो रही है. इन गांवों के ग्रामीण पेयजल के लिए परेशानियां झेल रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
क्या कहता है पाथरी पंचायत के मुखिया : इस संबंध में पंचायत के मुखिया तड़ित मुंडा ने कहा कि जलापूर्ति बंद होने की सूचना उन्हें है. कहा कि इस संबंध में मौदा पंचायत के मुखिया से विभाग के पदाधिकारी की बात हुई थी. पदाधिकारियों ने अश्वासन दिया था कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा. श्री मुंडा ने कहा कि हर हाल में पुनः जलापूर्ति योजना को शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा. इस संबंध में विभाग के जेई से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया परंतु संपर्क नहीं होने के कारण उनका पक्ष नही लिया जा सका है. (नीचे भी पढ़ें)
विधानसभा में उठा चुके हैं विधायक समीर महंती मुद्दा : बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने चौरंगी जलापूर्ति योजना के मामला को 4 फरबरी 2025 को सदन में उठाया था. उन्होंने सदन में कहा कि बहरागोड़ा प्रखंड के चौरंगी में करोड़ों की ग्रामीण जलापूर्ति योजना विभागीय उदासीनता के कारण वर्षो से खराब है. इसके कारण दर्जनों गांवों के करीब 1700 परिवार पेयजल के लिए दिनभर भटक रहे हैं. गर्मी की आहट से पानी के लिए लोगों का जीवन हलकान है. जुलाई, 2023 से बनाबूढ़ा स्थित सुवर्णरेखा नदी का पंप खराब है. इसके कारण समस्या है. आज तक संबंधित विभाग ने इसकी मरम्मत की दिशा में कोई पहल नहीं की है. उन्होंने सरकार से उक्त अति महत्वपूर्ण योजना को अविलंब चालू करते हुए लोगों को जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की थी.














