जमशेदपुर : पटमदा थाना क्षेत्र के चांपी गांव में सांप के काटने से सुनील सिंह नामक युवक की मौत हो गई. सुनील पटमदा कॉलेज में स्नातक पार्ट-वन का छात्र था. रविवार रात को सोने के दौरान चित्ती सांप ने उसे गर्दन के पीछे काट लिया. परिजन गहरी नींद में होने के कारण घटना से अनजान रहे. सुबह जब सुनील की तबीयत बिगड़ी और परिजनों ने उसके शरीर पर सांप काटने का निशान देखा जिसके बाद वे उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
अस्पताल में यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. सुनील अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. उसकी मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है. सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की. सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों ने गांव ले जाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया. इधर, घटना के बाद से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम में सांप के बढ़ते आतंक को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन जागरूकता अभियान चलाए तथा गांवों में प्राथमिक उपचार और एंटी- वेनम की सुविधा उपलब्ध कराई जाए. परिजनों का कहना है कि समय रहते यदि एंटी-वेनम उपलब्ध हो जाता तो सुनील की जान बच सकती थी.




