
जमशेदपुर : मौत कभी भी और कहीं भी किसी भी हालत में आ जाती है. ऐसा ही कुछ जमशेदपुर के साकची काशीडीह क्षेत्र में हुआ. साकची काशीडीह ब्लॉक नंबर दस निवासी अशोक कुमार मांधवी का हार्ट अटैक होने से मौत हो गयी. अशोक कुमार मांधवी 45 साल के थे. वे ही घर में सबसे बड़े थे. भतीजी की शादी करने के लिए वे लगातार दिन भर मेहनत कर रहे थे. छत्तीसगढ़ से बारात आ चुका था जबकि सोमवार को शादी होनी है, लेकिन उससे पहले ही अचानक से शनिवार को अशोक कुमार काफी परेशान हो चुके थे और सीने में दर्द होने लगा. वे थोड़ा आराम करने सोये तब तक वे अचेत हो गये. उनको परिवार के लोग आनन-फानन में साकची से टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले गये, जहां उनको चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. अशोक कुमार की मौत के बाद शादी की तैयारी में जुटे परिवार में मातम का माहौल पसर गया. अब परिवार के लोग यह पता लगाने की कोशिश कर रहे है कि किस तरह अब शादी की जाये और किस तरह अंतिम संस्कार किया जाये और क्या किया जाये. अशोक कुमार अपने पीछे दो बेटा और दो बेटी का भरा पूरा परिवार छोड़ गये है, जो साकची बाजार में आलू प्याज के कारोबारी भी रहे है. अशोक कुमार की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.





