
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल के पास 9 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे 12वीं कक्षा के एक छात्र और 11वीं के जूनियर छात्र के बीच मारपीट की घटना सामने आई. घटना के बाद जूनियर छात्र के परिजनों ने बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मारपीट के साथ अपहरण का भी आरोप लगाया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस ने घटनाक्रम की सच्चाई जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. (नीचे देखे पूरी खबर)
फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा गया कि दोनों छात्र स्कूल के बगल की गली में एक-दूसरे के कंधे पर हाथ रखकर साथ-साथ चलते नजर आ रहे हैं. कुछ ही देर बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि घटना के कुछ समय बाद जूनियर छात्र जुस्को स्कूल के पास अपने परिजनों को मिला. वहीं उसने परिजनों को मारपीट और कथित अपहरण की जानकारी दी, जिसके बाद मामला थाना तक पहुंचा. हालांकि पुलिस की जांच में अपहरण की बात की पुष्टि नहीं हुई और मामला आपसी विवाद का निकला. पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर तनाव था, जो उस दिन झगड़े में बदल गया. मामले के सामने आने के बाद दोनों पक्षों के परिजन आपस में बैठे और बातचीत के जरिए विवाद को सुलझा लिया. अंततः दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और मामला शांत हो गया. पुलिस ने भी इसे आपसी सुलह का मामला मानते हुए आगे की कार्रवाई नहीं की.



