
जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और जरूरतमंदों की मदद के लिए जमशेदपुर के स्कूलों ने पहल शुरू कर दी है. इस कड़ी में जमशेदपुर के साकची काशीडीह स्थित ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित स्कूलो के बच्चों का एक माह की फीस नहीं लेने का निर्णय लिया है. भाजपा नेता अभय सिंह और उनके परिवार द्वारा संचालित इस ट्रस्ट के द्वारा काशीडीह में धुरंधर सिंह मेमोरियल स्कूल (डीएसएम स्कूल) संचालित होता है. शिक्षा सत्याग्रह की अपील के बाद भाजपा नेता अभय सिंह ने भी इस दिशा में पहल कर निज़ी स्कूलों को स्वेक्षा से वित्तीय स्थिति को देखते हुए पहल करने का आग्रह किया था. शुक्रवार को अभय सिंह ने डीएसएम स्कूल के हवाले से इस आशय की घोषणा अपने फेसबुक के माध्यम से करते हुए सूचित किया कि डीएसएम स्कूल बच्चों के एक माह का स्कूल फ़ीस माफ़ करेगी. यह एक नयी और बेहतर पहल है, ताकि अभिभावकों पर बोझ कम डाला जा सके. प्राइवेट स्कूलों को बंद अवधि के फ़ीस ना लेने का आग्रह राज्य के शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो ने भी ट्विटर के माध्यम से किया है. इसके बाद झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने भी शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर आदेश का अनुपालन कराने के निर्देश दिये थें. इसके बावजूद जमशेदपुर के बड़े प्राइवेट स्कूल और प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन द्वारा फ़ीस माफ़ करने की कोई जानकारी या घोषणा नहीं की गयी है. वैसे अधिकांश स्कूलों ने मीडिया में व्यक्तव्य देकर अपनी असमर्थता जतायी है. धुरंधर सिंह मेमोरियल स्कूल की पहल के बाद अभिभावकों में उम्मीद जगी है और अन्य निज़ी स्कूलों पर दबाव बढ़ने लगा है.






