जमशेदपुर : चाईबासा की रहने वाली पूनम कुमारी सिंह मंगलवार को काम के सिलसिले में जमशेदपुर आई थी. इसी दौरान वह पीएम मॉल पहुंची, जहां उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर फॉलो करने वाले एक युवक से हुई. युवती ने युवक पर बातचीत के दौरान मोबाइल मांगकर उसे लेकर फरार हो जाने का आरोप लगाया है. पूनम कुमारी सिंह के अनुसार, बातचीत के दौरान युवक ने घर पर फोन करने के लिए उसका मोबाइल मांगा. उसने अपने फोन में चार्ज नहीं होने की बात कही. मोबाइल मिलने के बाद युवक ने नेटवर्क नहीं आने का बहाना बनाया और कुछ दूर चला गया. कुछ देर बाद जब पूनम ने उसकी तलाश की तो युवक वहां से गायब था. (नीचे भी पढ़ें)
पूनम ने मॉल के एक गार्ड का मोबाइल लेकर अपनी इंस्टाग्राम आइडी लॉगिन की और युवक से संपर्क किया. उसके अनुसार, युवक ने खुद को स्टेशन के पास बताया और जल्द वापस लौटने की बात कही. काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद वह वापस नहीं आया. बाद में युवक ने कथित तौर पर मोबाइल लेने से ही इनकार कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
युवती का दावा है कि मॉल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में युवक को उनसे मोबाइल लेते हुए देखा जा सकता है. हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है. पूनम के मुताबिक, युवक ने अपना नाम प्रिंस सिंह बताया था और वह आदित्यपुर-2 में रहने की बात कहता था. उसने बताया कि वह इससे पहले युवक से साकची मार्केट में मिल चुकी हैं और दोनों के बीच सोशल मीडिया पर सामान्य बातचीत होती थी. पूनम का आरोप है कि घटना के बाद युवक ने अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल से फोटो हटा दी और उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक भी कर दिया है. पूनम ने पूरे मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की है. फिलहाल आरोपी युवक का पक्ष सामने नहीं आया है. मामले में आगे की स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.




