
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में विधायक सविता महतो के नेतृत्व में भानुमति नीलकंठन अवार्ड्स संस्था के सदस्यों में मुलाकात की. उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि इस संस्था द्वारा जमशेदपुर में सीनियर सिटीजन होम बनाने की योजना बनाई गई है. यहां एकल जीवन व्यतीत करने वाले 45 बुजुर्ग रह सकेंगे. उन्होंने मुख्यमंत्री से जमशेदपुर में सीनियर सिटीजन होम बनाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया. उन्होंने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि इस संस्था द्वारा ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. इस सिलसिले में बेहतर करने वाली महिलाओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है. मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में संस्था की अध्यक्ष भानुमति नीलकंठन, पीके मिश्रा, असीम बनर्जी और बालाजी कृष्णन शामिल थे.




