
रांची/जमशेदपुर : झारखंड इंटक का चुनाव जल्द होगा. चुनाव कराने को लेकर इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी से बेरमो के कांग्रेस विधायक और दिवंगत राजेंद्र सिंह के बेटे अनूप सिंह ने मुलाकात की. मंगलवार को दिल्ली स्थित इंटक के दफ्तर में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी से अनूप सिंह से मुलाकात हुई और उनका आर्शीवाद लिया. इस दौरान इंटक को झारखंड में मजबूत बनाने को लेकर रणनीति बनायी गयी. इस दौरान डॉ रेड्डी ने झारखंड का पूरा हाल चाल जाना और मांग की कि जल्द से जल्द चुनाव करा लेना चाहिए ताकि संगठन के कार्यों में गति आये. इस मुलाकात के दौरान इंटक के राट्रीय अध्यक्ष डॉ रेड्डी ने इंटक के राष्ट्रीय सचिव सह विधायक अनूप सिंह को आश्वासन दिया कि इस मसले को वे खुद देख रहे है और जल्द चुनाव कराया जायेगा. आपको बता दें कि, झारखंड इंटक के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर पिछले दिनों राजेंद्र सिंह की मौत के बाद राकेश्वर पांडेय को अध्यक्ष बना दिया गया था. यह नियुक्ति खुद इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ही की थी. इस दौरान अनूप सिंह ने इस नियुक्ति का विरोध किया था. इसके बाद इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मामले में हस्तक्षेप कर मामले को तत्काल शांत करा दिया था कि फिर से चुनाव कराया जायेगा. अनूप सिंह ने कहा है कि वे चाहते है कि चुनाव करा लिया जाये. जो चुनाव में जीतेगा, वह इंटक के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर आसीन होगा. इस तरह की नियुक्ति से संगठन कमजोर होगा और वाजिब व्यक्ति को संगठन का नेतृत्व नहीं मिल सकेगा. इसको लेकर इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी ने पहल शुरू कर दी है, जिसके बाद जमशेदपुर के मजदूर नेता राकेश्वर पांडेय के लिए फिर से चुनौतियां बढ़ने की उम्मीद है.




