जमशेदपुर : साकची शिव मंदिर में आगामी गुरुवार, 29 जनवरी से दो दिवसीय श्री श्री श्याम महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा. श्री श्री साकची शिव मंदिर एवं श्री श्याम परिवार की ओर से आयोजित होने जा रहे उक्त महोत्सव में भगवान श्री श्याम की पूजा-अर्चना के अलावा कोलकाता के दो प्रसिद्ध भजन गायकों सहित तीन कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे. (नीचे भी पढ़ें)
आयोजन समिति से प्राप्त सूचना के अनुसार इस 37वें श्री श्याम महोत्सव -2026 की शुरुआत गुरुवार, 29 जनवरी को प्रातः 11 बजे ध्वजा पूजन के साथ होगी, जिसमें श्याम भक्तों के अलावा समाज के अनेक वर्गों के लोग शामिल होंगे. आयोजन के तहत गुरुवार 2:00 बजे को श्याम बाबा की विराट शोभा यात्रा निकाली जाएगी. शोभा यात्रा साकची के विभिन्न मार्गों से होते हुए समारोह स्थल, साकची बाजार स्थित शिव मंदिर पहुंच कर संपन्न होगी. शिव मंदिर में भगवान श्री श्याम की पूरे विधि-विधान के साथ पूजा होगी एवं श्याम बाबा का अलौकिक दरबार सजेगा.
रात्रि 9 बजे से भजनों की अमृत वर्षा आरंभ होगी. इसके लिए कोलकाता के भजन गायक संजू शर्मा एवं विवेक शर्मा के साथ ही जमशेदपुर के महावीर अग्रवाल को आमंत्रित किया गया है. इनके साथ संगत के लिए महाराष्ट्र के नासिक से रुद्रमार्तंड ढोल ताशा पथक दल को आमंत्रित किया गया है. इसके अगले दिन, शुक्रवार को मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा. भंडारा दोपहर 12:30 बजे से आरंभ होगा. आयोजन समिति श्री श्याम महोत्सव के लिए अभी से तैयारियों में जुट गई है.



