जमशेदपुर : जमशेदपुर में सिख समाज के लोगों ने टाटानगर से अमृतसर जाने वाली जालियांवाला बाग एक्सप्रेस ट्रेन को कोहरे का बहाना बनाकर रद्द करने का जोरदार विरोध किया है. सिख समाज के लोगों ने सरदार शैलेंद्र सिंह, सतवीर सिंह सोमू, सरदार हरविंदर सिंह समेत अन्य सिख नेताओं की मौजूदगी में स्टेशन पर हंगामा किया और क्षेत्रीय प्रबंधक, टाटानगर रेलवे स्टेशन को एक पत्र भेजा. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस पत्र में कहा गया है कि दक्षिण पूर्व रेलवे में टाटानगर से अमृतसर तक चलने वाली जालियावाला बाग एक्सप्रेस (गाड़ी सं०- 18103 / 18104) को रेल प्रशासन द्वारा दिनांक 29 नवंबर से 02 मार्च 2022 तक कोहरे का बहाना बनाकर रद्द कर दिया गया है, जिसके कारण पूरा सिख समुदाय एवं इस ट्रेन से यात्रा करने वाले लोगों में भारी आक्रोश है और इस ट्रेन के रद्द होने से पंजाब एवं अन्य स्थानों पर आने जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इन लोगों ने मांग की है कि जालियावाला बाग एक्सप्रेस के संबंध में लिये गये इस निर्णय को एक सप्ताह के अंदर तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाये अन्यथा मजबूर होकर जमशेदपुर के नागरिक एवं समूह साधसंगत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर धरना देगें एवं रेल चक्का जाम करेंगे एवं अन्य गाड़ियों को आने जाने से रोकेंगे. इस दौरान अगर कोई आप्रिय घटना घटती है तो उसकी जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी.



