जमशेदपुर : भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार जिला में संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) 2026 कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) तथा बीएलओ पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया. प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम, पुनरीक्षण प्रक्रिया एवं अभियान के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी गई. (नीचे भी पढ़े)

प्रशिक्षण के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत घर-घर सत्यापन की प्रक्रिया, गणना प्रपत्र भरने की विधि, आवश्यक दस्तावेजों के संकलन, दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन, इसीआइनेट के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्टि तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे. (नीचे भी पढ़े)

इस दौरान मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाए जाएंगे. साथ ही पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने, आवश्यक संशोधन कराने एवं निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य भी किया जाएगा. प्रशिक्षण में बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को मतदाता सूची की शुद्धता, अद्यतनता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया.







