जमशेदपुर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर)-2026 अभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर जमशेदपुर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (इआरओ), उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एइआरओ) एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में और तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके. उन्होंने निर्देश दिया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों एवं बूथों पर प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष फोकस करते हुए कार्य में गति लाई जाए. समीक्षा के दौरान पाया गया कि गुड़ाबांदा, जुगसलाई, जेएनएसी, पटमदा तथा जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के डिजिटाइजेशन में प्रगति अपेक्षाकृत कम है. (नीचे भी पढ़ें)
इस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित इआरओ एवं एइआरओ को स्वयं बीएलओ से नियमित संवाद स्थापित कर कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के सबसे कम प्रगति वाले 20-20 बूथों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए. संबंधित एइआरओ इन बूथों पर कार्यरत बीएलओ के कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा प्रतिदिन प्रगति सुनिश्चित करें. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि एएसडीडी (एबसेंट, शिफ्टेड, डेड व डुप्लीकेट) श्रेणी से संबंधित सभी प्रविष्टियों का डिजिटाइजेशन तत्काल पूरा किया जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो. बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए एसआईआर-2026 अभियान को समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए.







