जमशेदपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर) में 30 जून से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर)-2026 अभियान का शुभारंभ हो गया. अभियान के प्रथम दिन उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर चल रहे एनुमरेशन कार्य एवं प्रारंभिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने बीएलओ से अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए. (नीचे भी पढ़ें)

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 30 जून से 29 जुलाई तक संचालित होने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाना है. उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें तथा सत्यापन कार्य के दौरान आवश्यक सावधानी एवं पारदर्शिता बनाए रखें. उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले प्रपत्रों एवं अभिलेखों का नियमानुसार संधारण किया जाए तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए. साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या अथवा संशय की स्थिति में संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (इआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एइआरओ) से समन्वय स्थापित कर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए. (नीचे भी पढ़ें)

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है. सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय, जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप में दर्ज हो सके. उन्होंने जिले के नागरिकों से भी अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान निर्वाचन कर्मियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जा सके.







